उत्तराखंड बोर्ड मूल्यांकन कार्य 10 अप्रैल को होगा पूरा
उत्तराखंड : उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रदेशभर में चल रहा मूल्यांकन कार्य 10 अप्रैल को पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया 27 मार्च से राज्य के 29 निर्धारित केंद्रों पर शुरू की गई थी। शुरुआती दिनों से ही कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसके तहत बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि शेष केंद्रों पर भी अंतिम चरण का कार्य तेजी से जारी है।
मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड द्वारा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों को अब रिजल्ट का इंतजार है, जिसे जल्द जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। बोर्ड का प्रयास है कि समय पर और पारदर्शी तरीके से परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएं, ताकि छात्रों को आगे की पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
