इंजेल चकमा हत्याकांड: मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित पिता से की फोन पर बात
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिपुरा के छात्र इंजेल चकमा की हत्या की घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने इंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुखद घड़ी में उत्तराखंड सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि फरार आरोपी को भी जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा और कानून के तहत सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को अत्यंत संवेदनशीलता से ले रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी कानूनी व प्रशासनिक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने तरुण प्रसाद चकमा से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को आवश्यक आर्थिक, कानूनी और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सभी जरूरी मदद समय पर पहुंचाई जाए।

इससे पहले भी राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज की है। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि त्रिपुरा के छात्र इंजेल चकमा की हत्या की घटना ने न केवल उत्तराखंड बल्कि देशभर में चिंता और आक्रोश पैदा किया है। मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि उत्तराखंड शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध राज्य है और इस तरह की घटनाओं में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
