खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : नमामि गंगे योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों के निरीक्षण के दूसरे दिन नागालैंड के अपर मुख्य सचिव एवं 1998 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वी. शशांक शेखर ने ऋषिकेश क्षेत्र का दौरा किया। रविवार सुबह उन्होंने त्रिवेणी घाट पहुंचकर आम श्रद्धालु की तरह गंगा स्नान किया और घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

इसके पश्चात उन्होंने पौराणिक वीरभद्र महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान जिला गंगा संरक्षण समिति देहरादून के नामित सदस्य एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण कार्यकर्ता डॉ. विनोद प्रसाद जुगलान और जिला परियोजना अधिकारी रविकांत पाण्डेय भी उनके साथ मौजूद रहे। मंदिर परिसर में प्रबंधक दिगम्बर रघुवीर गिरी व समिति के अन्य सदस्यों ने उन्हें उत्तरीय ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अगले चरण में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने लालपानी वन बीट के अंतर्गत विकसित ‘स्मृति वन’ का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए जनभागीदारी के साथ निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

उन्होंने ‘स्मृति वन’ की स्थापना और उसके संरक्षण में जिला गंगा संरक्षण समिति एवं सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। इस दौरान नमामि गंगे जिला क्रियान्वयन समिति के परियोजना अधिकारी रविकांत पाण्डेय, वन क्षेत्राधिकारी गंभीर सिंह धमांदा, अनुभाग अधिकारी महावीर सिंह नेगी सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad