खबर शेयर करें -

देहरादून : डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित DAV सप्ताह के समापन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और आम लोगों की मौजूदगी में एक हादसा हो गया। कार्यक्रम में हरियाणवी लोक गायक अजय हुड्डा और मासूम शर्मा की प्रस्तुति देखने के लिए करीब 8 से 9 हजार लोग पहुंचे थे, जिससे परिसर में भारी भीड़ रही।

इसी दौरान गौरव कुमार (17 वर्ष), निवासी गजरौला मेरठ और वर्तमान में डीएवी इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र, कार्यक्रम देखने के लिए कॉलेज परिसर में लगी रेलिंग पर चढ़ गया। भीड़ के बीच अचानक धक्का-मुक्की होने पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह रेलिंग के ऊपर गिरकर चोटिल हो गया। गिरने के दौरान उसके हाथ में रेलिंग लगने से खरोंचें आईं।

घटना के तुरंत बाद उसे कॉलेज की डिस्पेंसरी में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई और उसे वहीं से भेज दिया गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कॉलेज परिसर में चाकूबाजी की अफवाह फैलने लगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच की और घायल छात्र से पूछताछ की। छात्र ने स्पष्ट किया कि उसे किसी हमले में नहीं बल्कि रेलिंग से गिरने के कारण चोट लगी है।

पुलिस ने साफ किया कि चाकूबाजी की खबरें पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।

Ad