ऋषिकेश: 20 साल की सेवा पूरी करने पर तीन पुलिसकर्मी सम्मानित
ऋषिकेश : ऋषिकेश में पुलिस सेवा में समर्पित भाव से कार्य करते हुए 20 वर्ष पूर्ण करने वाले तीन पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह त्रिवेणी घाट पुलिस चौकी में आयोजित किया गया, जहां चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक बिनेश कुमार ने अपने अधीनस्थ कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में हेड कांस्टेबल हरीश गुसाईं, भुवन चंद्र खुम्रियाल और चैतन्य कुमार त्यागी शामिल हैं। इन तीनों ने 10 अप्रैल 2006 को उत्तराखंड पुलिस में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं और अब 20 वर्षों की सफल सेवा पूरी की है।
हेड कांस्टेबल हरीश गुसाईं, जो जनपद टिहरी गढ़वाल के निवासी हैं, और चैतन्य कुमार त्यागी, जो हरिद्वार जिले से हैं, वर्तमान में जल पुलिस में तैनात हैं। दोनों ने अपने कार्यकाल के दौरान गंगा नदी में डूबने वाले कई लोगों की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया है। वहीं भुवन चंद्र खुम्रियाल, जो रुद्रप्रयाग जनपद के निवासी हैं, त्रिवेणी घाट चौकी के कार्यालय कार्यों का कुशलता से संचालन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक बिनेश कुमार ने कहा कि “सम्मान किसी भी व्यक्ति के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा होती है। यह न केवल कार्य के प्रति उत्साह बढ़ाता है, बल्कि भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी देता है।” उन्होंने तीनों कर्मियों की निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और उत्कृष्ट सेवाओं की प्रशंसा की।
इस अवसर पर हेड कांस्टेबल पंकज सालार, वरिष्ठ गोताखोर विनोद सेमवाल और कुशल तैराक अनिल चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। सभी ने सम्मानित कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके योगदान को सराहा।
