देहरादून में सीएम धामी ने छात्रसंघ समारोह में युवाओं को किया संबोधित
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीएवी पीजी कॉलेज, देहरादून में आयोजित छात्रसंघ समारोह में शिरकत कर छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उनकी ऊर्जा, संकल्प और नवाचार की सोच ही भारत के विकास की दिशा तय करती है। उन्होंने छात्र राजनीति को नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों से जुड़कर युवाओं में राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना का विकास होता है। परिषद के कार्यकर्ता शिक्षा संस्थानों से लेकर देश की सीमाओं तक राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण भी होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश में युवाओं को केंद्र में रखकर ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जो युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं के जरिए वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत 9 नए महाविद्यालयों की स्थापना, 20 मॉडल कॉलेजों का निर्माण, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवन बनाए जा रहे हैं। शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए नई भर्तियां भी की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन ने युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।
