पीएम मोदी के दौरे से पहले देहरादून में तैयारियां तेज
देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखण्ड दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डाट काली मंदिर से लेकर महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक सुरक्षा और व्यवस्थाओं को परखा। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाकचौबंद रखी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इसके साथ ही उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक संचालन बेहतर तरीके से हो सके। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण से राजधानी देहरादून की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। इससे दिल्ली-एनसीआर से देहरादून पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही चारधाम यात्रा के लिए भी आवागमन आसान होगा और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की। इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, नगर आयुक्त नमामी बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
