सेल्फी लेते समय 100 मीटर खाई में गिरा युवक
ऋषिकेश/मुनि की रेती: एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब तपोवन क्षेत्र के क्यारकी स्थित नीर गंगा रिजॉर्ट के पास सेल्फी लेना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। सूचना के अनुसार एक युवक पहाड़ी से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया।
घटना की जानकारी 112 के माध्यम से थाना मुनि की रेती को मिली। सूचना मिलते ही थाना मुनि की रेती के एसएसआई योगेश चंद्र पाण्डेय पुलिस बल, 112 टीम और तपोवन चौकी के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही एसडीआरएफ टीम को भी तत्काल सूचित किया गया।
जांच में सामने आया कि युवक नीर गंगा रिजॉर्ट के पास करीब 100 मीटर गहरी खाई में सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से गिर गया। घायल युवक की पहचान प्रेम कुमार ठाकुर (20 वर्ष), पुत्र अशोक ठाकुर, निवासी गोयल डेरी, नजफगढ़, संत एन्क्लेव, दिल्ली के रूप में हुई है।
एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और आसपास मौजूद लोगों की संयुक्त मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल 108 एम्बुलेंस के जरिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि प्रेम कुमार अपने दोस्तों के साथ दिल्ली से आठ लोगों के ग्रुप में घूमने ऋषिकेश आया था। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने से बचें और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
