खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : तपोवन इलाके में दोपहर एक चाय कैफे में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई।

शनिवार होने के कारण तपोवन क्षेत्र में पर्यटकों की भारी भीड़ थी, जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी कारण दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में काफी देरी हुई। आग तेजी से फैलती देख स्थानीय लोगों ने पास के एक होटल की मदद से पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

सूचना मिलने के बाद ऋषिकेश और नरेंद्रनगर से दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। कैफे का संचालन कृष्णा गुप्ता द्वारा किया जा रहा था। इस हादसे में करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।

Ad