खबर शेयर करें -

उत्तर प्रदेश/ जौनपुर : उमानाथ सिंह स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महाविद्यालय की डॉ. रुचिरा सेठी और डॉ. आदर्श कुमार यादव ने ‘एआई इन हेल्थकेयर’ विषय पर आयोजित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड सत्र में भाग लेकर संस्थान और जिले का नाम रोशन किया।

यह विशेष सत्र स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग और उसके भविष्य की संभावनाओं पर केंद्रित था, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देना और डॉक्टरों को नई डिजिटल स्वास्थ्य प्रणालियों से जोड़ना था। डॉ. रुचिरा सेठी और डॉ. आदर्श कुमार यादव ने सत्र के दौरान एआई आधारित निदान, रोग प्रबंधन और मरीजों की देखभाल में तकनीकी नवाचारों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि एआई के माध्यम से जटिल बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है और उपचार को अधिक सटीक व प्रभावी बनाया जा सकता है।

महाविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर दोनों चिकित्सकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सहभागिता संस्थान के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य चिकित्सकों व छात्रों को भी नई तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। यह पहल भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त और तकनीक-संपन्न बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Ad