ऋषिकेश: साहब नगर छिद्दरवाला में भाजपा रायवाला मंडल की किसान चौपाल आयोजित
ऋषिकेश/छिद्दरवाला: भारतीय जनता पार्टी रायवाला मंडल की ओर से छिद्दरवाला के साहब नगर में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। यह चौपाल विकसित भारत जन जागरण अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे किसानों और ग्रामीणों तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत उपस्थित रहे। उन्होंने चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, सिंचाई एवं कृषि अवसंरचना से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा जब गांव मजबूत होंगे और किसान आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों को अपनाने, जैविक खेती की ओर बढ़ने और सरकारी योजनाओं से जुड़कर अपनी आय में वृद्धि करने की अपील की।कार्यक्रम में पूर्व महापौर ऋषिकेश अनिता ममगाईं भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने ग्रामीणों और किसान भाइयों-बहनों से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का फोकस अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुँचाने पर है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
किसान चौपाल की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट ने की। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुँचता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। चौपाल के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन जनप्रतिनिधियों द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में किसानों की भूमिका को और मजबूत करने के संकल्प के साथ किया गया।
