देर रात ग्रामीण के घर में दाखिल हुआ तेंदुआ
कलियर/हरिद्वार: कलियर क्षेत्र के धनौरा गांव में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार (तेंदुआ) अचानक एक ग्रामीण के घर में घुस गया। रात के सन्नाटे में हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। परिजन और आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।बताया जा रहा है कि गुलदार किसी शिकार की तलाश में आबादी क्षेत्र की ओर आ गया और खुले दरवाजे से सीधे घर के भीतर घुस गया। घर के अंदर मौजूद लोगों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित किया और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गुलदार को घर के भीतर घूमते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में डर का माहौल और गहरा गया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद गुलदार को बाहर निकाला गया। हालांकि इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन ग्रामीणों में अब भी भय बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी गुलदार की आवाजाही देखी गई है, लेकिन इस तरह घर में घुसने की घटना पहली बार सामने आई है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ठोस कदम उठाने की मांग की है।वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर न निकलने और घरों के दरवाजे-खिड़कियां सुरक्षित रखने की अपील की है। साथ ही, गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
