खुशियों के साथ हरियाली का संदेश, बेटे के पहले जन्मदिन पर बांटे पौधे

खबर शेयर करें -

डोईवाला / जौलीग्रांट। श्यामपुर (ऋषिकेश) निवासी राजेश गुसाईं और हिमांशी गुसाईं ने अपने बेटे के पहले जन्मदिन को अनोखे अंदाज में मनाकर समाज को पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश दिया।यह जन्मदिन समारोह जौलीग्रांट के पास अथुरवाला स्थित एक बैंक्वेट हॉल में बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें परिजनों, मित्रों और क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया।

इस खास मौके पर सबसे विशेष बात यह रही कि समारोह में आए सभी मेहमानों को रिटर्न गिफ्ट के रूप में एक-एक पौधा भेंट किया गया। मेहमानों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

राजेश गुसाईं ने बताया कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी है और छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं। बेटे के पहले जन्मदिन को यादगार बनाने के साथ उन्होंने समाज को जागरूक करने का भी प्रयास किया।

हिमांशी गुसाईं ने कहा कि यदि लोग अपने पारिवारिक आयोजनों में इस तरह की पहल करें तो हर साल हजारों पौधे लगाए जा सकते हैं, जिससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।

इस तरह यह जन्मदिन समारोह खुशियों के साथ-साथ हरित संदेश देने वाला भी साबित हुआ।

Ad