अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का दूसरा दिन, विविध सत्रों में उमड़ी भीड़
ऋषिकेश : अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के दूसरे दिन तेज हवाओं के दबाव के बावजूद योग साधकों का उत्साह कम नहीं हुआ। प्रतिकूल मौसम के बीच भी साधकों ने गणेश षोडश मात्र पूजन, विष्णु सहस्रनाम पाठ और हवन में श्रद्धापूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न योग सत्रों में अपनी जिज्ञासाओं के अनुसार सक्रिय सहभागिता निभाई।महोत्सव के प्रथम सत्र में ध्यान (मेडिटेशन) पर योग गुरु डॉ. विपिन जोशी ने विस्तार से मार्गदर्शन दिया। आर्ट ऑफ लिविंग के विशेषज्ञों ने सुदर्शन क्रिया का अभ्यास कराया, वहीं उषा माता ने अयंगर योग की बारीकियों से साधकों को अवगत कराया। जयेंद्र सरस्वती ने योग, प्राणायाम, साधना और समाधि के विभिन्न आयामों का परिचय दिया।
ओशो ध्यान पर स्वामी बोधि बर्धमान (डॉ. मनोज रांगड़) ने सत्र लिया, जबकि योग थेरेपी पर डॉ. सुरेंद्र रयाल ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। हीलिंग ज्ञान पर डॉ. उर्मिला पांडेय, योग एवं हेल्थ लाइफस्टाइल पर लक्ष्मी नारायण जोशी तथा शारीरिक योग पर योगी डॉ. महेश ने अपने अनुभवों से साधकों को लाभान्वित किया।सुबह तेज हवाओं के कारण जहां आमजन इससे बचने का प्रयास करते नजर आए, वहीं गंगा रिजॉर्ट में आयोजित महोत्सव में योग साधकों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न वेन्यू हॉल में अपनी रुचि के अनुसार कक्षाओं में भाग लिया।
महोत्सव के सफल संचालन को लेकर प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन स्वयं प्रत्येक कार्यक्रम पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं और व्यवस्थाओं का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने योगाचार्यों द्वारा विभिन्न विधाओं में दिए जा रहे ज्ञान और अनुभवों को सराहनीय बताया।महोत्सव के तहत आज शाम पद्मश्री बसंती बिष्ट का जागर कार्यक्रम और विश्व प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाप्रबंधक लक्ष्मी राज चौहान, कनिका आनंद, आशुतोष नेगी, राजेंद्र ढोंडियाल, मुकेश उनियाल, इंद्र मोहन नेगी, सर्वजीत सिंह, अजय, राहुल बहुगुणा, विनोद पंवार, सुनील थापा, राकेश पोखरियाल, सूर्यप्रकाश कोठारी, सुरेश पंवार सहित निगम के अन्य कर्मचारी तथा टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप इवेंट्स मैनेजर की टीम का विशेष सहयोग रहा।
