महंत दिलीप रावत मुंबई के अस्पताल में भर्ती, गले में संक्रमण के चलते चल रहा उपचार
मुंबई/कोटद्वार: महंत सिद्धबली धाम, कोटद्वार एवं भाजपा विधायक लैंसडाउन महंत दिलीप रावत गले में संक्रमण (थ्रोट इन्फेक्शन) के चलते मुंबई स्थित एक अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उन्होंने स्वयं साझा की है। महंत दिलीप रावत इस समय मुंबई के रिलायंस हॉस्पिटल में उपचाराधीन हैं और चिकित्सकों की देखरेख में तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
महंत दिलीप रावत ने बताया कि 15 जनवरी से गले में संक्रमण की शिकायत के बाद वे इलाज के लिए मुंबई पहुंचे थे। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उपचार जारी है। उन्होंने भरोसा जताया है कि आगामी तीन दिनों के भीतर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा, जिसके बाद वे पुनः अपने क्षेत्रवासियों के बीच उपस्थित होने का प्रयास करेंगे।
अपने संदेश में महंत दिलीप रावत ने क्षेत्रवासियों, समर्थकों और मुंबई में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, शुभकामनाओं और आशीर्वाद से उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास उन्हें हर कठिन समय में संबल प्रदान करता है और वे बहुत जल्द पुनः जनसेवा के लिए लौटने का प्रयास करेंगे।
महंत दिलीप रावत ने अपने संदेश में कहा “क्षेत्रवासियों से निवेदन है कि मैं दिनांक 15 जनवरी से गले में संक्रमण के कारण मुंबई में रिलायंस हॉस्पिटल में स्वास्थ्य लाभ कर रहा हूं। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार इलाज जारी है और तीन दिन में डिस्चार्ज होकर आप लोगों के बीच उपस्थित होने का प्रयास करूंगा। आप सभी के सहयोग और मुंबई के प्रवासी बंधुओं के आशीर्वाद से निरंतर रिकवर हो रहा हूं। बहुत जल्द आप के बीच आपकी सेवा के लिए आने का प्रयास करूंगा। आपका स्नेह और आशीर्वाद हमेशा ही मुझे संबल प्रदान करता है। धन्यवाद।”
उधर, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के साथ-साथ आम लोगों में भी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं का दौर जारी है। समर्थक लगातार उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ले रहे हैं और जल्द स्वस्थ होकर लौटने की कामना कर रहे हैं।
