श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय का छठा दीक्षांत समारोह संपन्न, 20,664 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, बेटियों ने रचा इतिहास

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय का छठा दीक्षांत समारोह शुक्रवार को पं. ललित मोहन शर्मा परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में कुल 20,664 छात्र-छात्राओं को स्नातक एवं परास्नातक की उपाधियां प्रदान की गईं, जबकि 83 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि इनमें 59 स्वर्ण पदक छात्राओं ने अर्जित कर बेटियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया।

दीक्षांत समारोह का शुभारंभ स्वस्ति वाचन के साथ किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कुलपति प्रो. एन.के. जोशी तथा कुलसचिव दिनेश चंद्र सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक ढोल-दमाऊ की थाप और उत्तराखंड पुलिस बैंड की मधुर धुनों के साथ किया गया।

राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह ने उपाधि एवं स्वर्ण पदक प्रदान करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय और राज्य के लिए गर्व का विषय है कि आज हमारी बेटियां अपनी प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प के बल पर शैक्षणिक उपलब्धियों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि 83 स्वर्ण पदकों में से 59 पदक छात्राओं द्वारा अर्जित किया जाना न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

राज्यपाल ने कहा कि आज की बेटियां आत्मनिर्भर, सशक्त और राष्ट्र निर्माण की अग्रदूत हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि एसडीएसयूवी ने 236 संबद्ध संस्थानों और 80 हजार से अधिक विद्यार्थियों के साथ शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा 67 पेटेंट प्रकाशित किए गए हैं, जिनमें से 17 पेटेंट को ग्रांट मिलना शोध और नवाचार की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्रों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राज्य के विकास में करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में परिसर निदेशक प्रो. महावीर सिंह रावत, कुलसचिव दिनेश चंद्र, श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति डॉ. यू.एस. रावत, आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए.के. त्रिपाठी, गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. एम.एस.एम. रावत, प्रो. मंजुला राणा सहित अनेक शिक्षाविद, अधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

दीक्षांत समारोह का सफल संचालन डॉ. प्रीति खंडूड़ी द्वारा किया गया। समारोह में उत्साह, अनुशासन और गौरव का वातावरण बना रहा तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Ad