खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : ऋषिकेश के शिवपुरी क्षेत्र में दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गंगा में स्नान के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूबने लगा। मौके पर तैनात आपदा राहत दल 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उसकी जान बचा ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनीत कुमार (26 वर्ष), पुत्र देव सिंह, निवासी फतेहपुर सिकरी, जनपद आगरा (उत्तर प्रदेश), अपने दोस्तों के साथ शिवपुरी क्षेत्र में स्थित होटल समिट के सामने गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा।

घटना स्थल पर तैनात आपदा राहत दल के जवानों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कुछ ही क्षणों में युवक को गंगा से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकालने के बाद जवानों ने उसे प्राथमिक उपचार और सीपीआर दिया, जिससे उसकी स्थिति सामान्य हो गई।

इसके बाद विनीत कुमार को उसके साथ आए दोस्तों आकाश और आयुष के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद पर्यटकों ने राहत दल के जवानों की त्वरित कार्रवाई और साहस की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल टीम के सदस्य थे—

  1. एडीपीसी उत्तम भंडारी
  2. हेड कांस्टेबल नवीन उनियाल,
  3. कांस्टेबल सत्यवीर सिंह,
  4. कांस्टेबल हिकमत सिंह

स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही उतरें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Ad