देहरादून की निरंजनपुर सब्जी मंडी में भीषण आग

खबर शेयर करें -

देहरादून : राजधानी देहरादून की निरंजनपुर सब्जी मंडी में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने मंडी में रखे फल-सब्जियों के ढेर और कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय मंडी में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी। मंडी में मौजूद व्यापारियों और मजदूरों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काफी हद तक काबू पाया, लेकिन तब तक कई दुकानों में रखा फल-सब्जी का माल जलकर राख हो चुका था।

आग लगने से मंडी में मौजूद व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। शुरुआती अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा नुकसान का आकलन भी किया जाएगा।

इस घटना के बाद मंडी क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Ad