श्यामपुर के चोपड़ा फार्म तिराहे पर दो दुकानों में भीषण आग, लाखों का नुकसान
ऋषिकेश: न्याय पंचायत श्यामपुर अंतर्गत चोपड़ा फार्म तिराहे पर सुबह करीब 8:20 बजे अचानक लगी आग से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रायल पंजाबी ढाबा में गैस रिसाव होने के कारण आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित कपड़ों की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी तेज थीं, जिससे दुकानों में रखा सामान तेजी से जलने लगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी सूचना देने के काफी देर बाद मौके पर पहुंची, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
आग की चपेट में आई चोपड़ा फार्म तिराहे स्थित दीपक भट्ट की “शौर्य गारमेन्ट्स” दुकान में रखा आधा सामान जलकर राख हो गया। दुकान स्वामी दीपक भट्ट ने बताया कि इस हादसे में उन्हें लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
वहीं रायल पंजाबी ढाबा के संचालक दीपक संधु को आग लगने की घटना में हल्की चोटें आई हैं। आग के कारण ढाबे में खाना बनाने का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों ने समय रहते आग बुझाने का प्रयास कर बड़ी दुर्घटना होने से बचा लिया।
घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कनिष्ठ प्रमुख बीना चौहान ने ढाबा संचालकों और व्यापारियों से गैस सिलेंडरों के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की।
