खबर शेयर करें -

कटक/ ओडिशा : ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड में 10 मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीज प्रभावित हुए हैं। हादसे ने पूरे राज्य में शोक की लहर पैदा कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग ट्रॉमा केयर सेंटर में लगी, जिसकी चपेट में ट्रॉमा आईसीयू, उससे सटे अन्य आईसीयू और पहली मंजिल पर स्थित वार्ड आ गए। उस समय इन वार्डों में कुल 23 मरीजों का इलाज चल रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि 7 मरीजों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे 3 अन्य मरीजों ने अस्पताल में स्थानांतरित किए जाने के बाद दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी तत्काल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी इस घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि कटक के अस्पताल में हुए इस भीषण अग्निकांड से वह अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव अश्वथी एस. ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित मरीजों की सुरक्षा और बेहतर इलाज सुनिश्चित करना है। सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हादसे के दौरान मौजूद एक मरीज की परिजन ने भयावह स्थिति का वर्णन करते हुए बताया कि उनकी बेटी आईसीयू में भर्ती थी और वह बाहर इंतजार कर रही थीं। तभी अंदर से अचानक शोर सुनाई दिया। पहले उन्हें लगा कि किसी मरीज की हालत बिगड़ रही है, लेकिन कुछ ही देर में आईसीयू धुएं से भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। दमकल विभाग की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।यह हादसा अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Ad