सीवर कार्यों और सड़कों के पुनर्निर्माण को लेकर महापौर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
ऋषिकेश: नगर निगम शाखा कार्यालय बापूग्राम में महापौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में क्षेत्र की सीवर संबंधी समस्याओं और सीवर लाइन बिछाने के बाद खुदी हुई सड़कों के पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सीवर समस्याओं का त्वरित समाधान और सड़क मरम्मत कार्यों में तेजी लाना रहा।
बैठक के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा आम जनता को हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा हुई। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों को लंबे समय तक खराब स्थिति में न छोड़ा जाए और उनका शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महापौर ने कहा कि जनता की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के नाम पर नागरिकों को लंबे समय तक परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी और सीवर कार्य पूर्ण होते ही सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नमामि गंगे परियोजना के प्रबंधक संजीव कुमार वर्मा, नगर निगम ऋषिकेश के अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, नमामि गंगे के सहायक अभियंता धर्मेंद्र कुकरेती और दीपक वत्स, नगर निगम के अवर अभियंता संदीप रतूड़ी सहित स्थानीय पार्षद सचवीर सिंह भंडारी, पार्षद मुस्कान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्थानीय पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की सीवर एवं सड़क संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई का आश्वासन देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सड़कों के पुनर्निर्माण और सीवर समस्याओं के स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया।
