ईवी स्कूटर से नगर निगम पहुंचे महापौर शम्भू पासवान, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ऋषिकेश : देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रेरणा लेते हुए नगर निगम ऋषिकेश ने स्वच्छ एवं हरित भविष्य की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। इसी क्रम में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने अपने आधिकारिक वाहन का उपयोग न करते हुए इलेक्ट्रिक (EV) स्कूटर से नगर निगम कार्यालय पहुंचकर आमजन को पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया।
महापौर की इस सादगीपूर्ण और प्रेरणादायक पहल को देखकर नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने महापौर के इस कदम की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सकारात्मक प्रयास बताया।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ते प्रदूषण और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता बन गया है। इसी उद्देश्य से महापौर ने स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ईवी स्कूटर का उपयोग किया, ताकि अधिक से अधिक लोग वैकल्पिक और पर्यावरण अनुकूल साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित हों।
इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश केवल धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि एक वैश्विक पर्यटन केंद्र भी है। यहां की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक छोटे-छोटे प्रयासों से ईंधन की बचत और प्रदूषण कम करने की दिशा में कार्य करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण दिया जा सकता है।
महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि छोटी दूरी के लिए निजी पेट्रोल-डीजल वाहनों के बजाय साइकिल, पैदल चलने या इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी, बल्कि आर्थिक रूप से भी लोगों को लाभ होगा।
नगर निगम अधिकारियों ने जानकारी दी कि भविष्य में भी स्वच्छ ऊर्जा, हरित परिवहन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि ऋषिकेश को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त शहर बनाया जा सके।
