जनगणना 2027 में स्वगणना को बढ़ावा, मंत्री सुबोध उनियाल ने की भागीदारी की अपील
देहरादून।जनगणना 2027 के तहत स्वगणना प्रक्रिया को गति देने के लिए राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर नागरिकों को प्रेरित किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से 24 अप्रैल तक इस प्रक्रिया में जुड़ने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और राज्य के समग्र विकास की नींव है। नागरिकों द्वारा दी गई सटीक जानकारी के आधार पर ही भविष्य की योजनाएं, नीतियां और विकास कार्य तय किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार सरकार ने स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई है, जिससे लोग अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया सरल होने के साथ-साथ पारदर्शिता और सटीकता भी सुनिश्चित होती है।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे केवल भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही अपनी स्वगणना करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
मंत्री ने कहा कि जनगणना 2027 में हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है और यह हम सभी की साझा जिम्मेदारी है कि इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाया जाए।
