डीएम के निर्देश पर छापा, 7 गैस सिलेंडर सीज
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार शाम काली बस्ती, सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने एक मकान पर छापेमारी कर कुल 7 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें 4 व्यावसायिक (भारत और एचपी कंपनी) तथा 3 घरेलू (इंडियन ऑयल) सिलेंडर शामिल हैं। जांच में पाया गया कि व्यावसायिक सिलेंडरों में से 3 आंशिक रूप से भरे हुए थे, जबकि घरेलू सिलेंडरों में 1 भरा और 2 खाली थे।प्रथम दृष्टया मामला अवैध भंडारण और संभावित कालाबाजारी का पाए जाने पर सभी सिलेंडरों को तत्काल सीज कर लिया गया। जब्त सिलेंडरों को जीवन ज्योति गैस सर्विस की सुपुर्दगी में दिया गया है।
प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में गैस की कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग और अनधिकृत भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
