सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का सम्मान, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बढ़ाया उत्साह

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन करने वाली निर्मल ज्ञान दान अकैडमी (NGA) की छात्राओं को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सम्मानित किया। परम पूजनीय रामसिंह महाराज के सानिध्य में संचालित विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा कु. इशिता सिंह ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सिटी टॉप किया, जबकि कु. श्वेता यादव ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में दोनों छात्राओं को माला पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान परीक्षा में सफल हुए सभी छात्र-छात्राओं को भी शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक दिनेश पैन्यूली को भी पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और ऐसे शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

डॉ. अग्रवाल ने छात्राओं की सफलता को संघर्ष और मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोनों छात्राओं ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि एक छात्रा के पिता ऑटो चालक हैं, जबकि दूसरी छात्रा के पिता नहीं हैं। इसके बावजूद दोनों छात्राओं ने अपने आत्मविश्वास, परिश्रम और लगन से सफलता की नई मिसाल कायम की है।

उन्होंने छात्राओं को “गुदड़ी का लाल” बताते हुए कहा कि ये प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन होनहार बेटियों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने परिवार, क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।

इस अवसर पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, मंडल महामंत्री सत्यपाल राणा, छात्रसंघ अध्यक्ष मयंक भट्ट सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Ad