खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के वीरभद्र मार्ग में आधुनिक सीवर व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने करीब 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीवरेज पंपिंग संयंत्र का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वीरभद्र मार्ग क्षेत्र लंबे समय से समुचित सीवर व्यवस्था से वंचित था, जिसके कारण लोगों को सेफ्टीक टैंक का उपयोग करना पड़ता था। इससे स्वच्छता संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती थीं और स्थानीय निवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में आधुनिक सीवर प्रणाली विकसित होगी, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना और समग्र विकास सुनिश्चित करना है।

डॉ अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से विकास कार्यों में सहयोग करने और स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की।

भूमि पूजन कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक एस.के. वर्मा, प्रोजेक्ट इंजीनियर धर्मेंद्र प्रसाद कुकरेती, अपर सहायक अभियंता आशीष चमोली, पूर्व पार्षद अशोक पासवान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया।

Ad