एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित, नशे के खिलाफ समन्वित कार्रवाई पर जोर
टिहरी गढ़वाल: जनपद टिहरी गढ़वाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी टिहरी अवधेश कुमार सिंह ने की। बैठक में जनपद एवं थाना स्तर पर नशा उन्मूलन के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी ने पुलिस विभाग द्वारा संचालित नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत जनपद में दर्ज मामलों, मुनि की रेती क्षेत्र में तीन व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों, एनजीओ के माध्यम से संचालित रिहैबिलिटेशन कार्यों तथा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए उठाए गए प्रभावी कदमों से अवगत कराया। उन्होंने सभी विभागों से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस विभाग के साथ साझा की जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

औषधि निरीक्षक ऋषभ ने बैठक में बताया कि उनके द्वारा अब तक कुल 18 निरीक्षण किए गए हैं, जिनमें 10 सैंपल लिए गए, दो मामलों में अवैध क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई तथा 08 नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं सहायक समाज कल्याण अधिकारी मयंक थपलियाल ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत स्तर पर जनसामान्य को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक एवं सेंसिटाइज किया जा रहा है।
वन विभाग की ओर से रेंज अधिकारी कपिल ने समय-समय पर किए गए फील्ड निरीक्षणों की जानकारी साझा की। शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने विद्यालयों एवं कॉलेजों में गठित एंटी ड्रग क्लबों की गतिविधियों, रैंडम चेकिंग, सेंसिटाइजेशन कार्यक्रमों, टोबैको ओथ, अवेयरनेस एवं काउंसलिंग कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया

बैठक में एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, एसडीएम धनोल्टी नीलू चावला, एसडीएम कीर्तिनगर मंजू राजपूत, एसडीएम टिहरी संदीप कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से डॉ. रीना, शिक्षा विभाग से सुमेर सिंह, डॉ. आरती, डॉ. ममता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जागरूकता, निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि जनपद को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस परिणाम हासिल किए जा सकें।
