खबर शेयर करें -

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जब किसान अपनी ऊर्जा और परिश्रम को खेतों में झोंकता है, तो धरती सोना उगलने लगती है। उन्होंने किसानों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के किसानों ने अपनी मेहनत, लगन और नवाचार के दम पर प्रदेश की कृषि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले किसानों की समस्याएं और उनके हित लंबे समय तक हाशिये पर रहे, लेकिन जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली, तब पहली बार किसान सरकार के एजेंडे के केंद्र में आया। केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर किसानों की आय बढ़ाने, उत्पादन लागत घटाने और उन्हें तकनीक से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सिंचाई परियोजनाएं, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और कृषि यंत्रीकरण जैसी योजनाओं ने किसानों को आर्थिक संबल दिया है। उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों के भुगतान, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी लगातार कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश का किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर जैविक खेती, प्राकृतिक खेती और आधुनिक तकनीकों को अपना रहा है। इससे न केवल उत्पादन बढ़ा है, बल्कि किसानों की आमदनी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश का किसान देश की खाद्य सुरक्षा को और मजबूत करेगा और प्रदेश को कृषि क्षेत्र में अग्रणी बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि सरकार किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उनकी समृद्धि ही प्रदेश और देश की समृद्धि का आधार है।

Ad