डोईवाला 28–29 दिसंबर को होगा उत्तराखंड किसान सभा का 7वां राज्य सम्मेलन

खबर शेयर करें -

डोईवाला। अखिल भारतीय किसान सभा उत्तराखंड का दो दिवसीय सातवां राज्य सम्मेलन आगामी 28 एवं 29 दिसंबर 2025 को डोईवाला में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आज डोईवाला गन्ना समिति के किसान भवन में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता किसान सभा के जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह ने की। बैठक के उपरांत राज्य स्तर के किसान नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सम्मेलन की विस्तृत जानकारी साझा की।

प्रेस को संबोधित करते हुए किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह साजवाण ने बताया कि राज्य सम्मेलन में उत्तराखंड के प्रत्येक जिले से लगभग 150 प्रतिनिधि भाग लेंगे। 28 दिसंबर को दोपहर 2 बजे डोईवाला गन्ना समिति मैदान में किसानों की आम सभा आयोजित होगी, जिसे किसान सभा के राष्ट्रीय महामंत्री बीजू कृष्णन, केंद्रीय समिति सदस्य पुष्पेंद्र त्यागी सहित राज्य पदाधिकारी संबोधित करेंगे।

आम सभा के पश्चात डोईवाला ब्लॉक सभागार में संगठनात्मक सत्र प्रारंभ होगा, जिसमें प्रांतीय महामंत्री पिछले तीन वर्षों की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इस रिपोर्ट पर दो दिनों तक गहन बहस होगी। सम्मेलन का समापन 29 दिसंबर को दोपहर बाद किया जाएगा।

दो दिवसीय सम्मेलन में किसानों की प्रमुख समस्याओं पर विचार-विमर्श कर कई अहम प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹500 प्रति कुंतल, जंगली जानवरों एवं आवारा पशुओं से फसल सुरक्षा, खाद–बीज–कीटनाशक एवं कृषि यंत्रों पर 50% सब्सिडी, वर्षों से ग्राम समाज व अन्य भूमि पर रह रहे परिवारों को मालिकाना हक, टोंगिया गांवों को राजस्व ग्राम घोषित करना, जबरन थोपी जा रही स्मार्ट मीटर योजना को बंद करना, किसान विरोधी बीज बिल विधेयक 2025 की वापसी, सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष और महंगाई पर नियंत्रण जैसे मुद्दे शामिल हैं।

बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री गंगाधर नौटियाल ने बताया कि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रतिनिधियों के रहने और खाने की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। डोईवाला मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह और सचिव याकूब अली के नेतृत्व में मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने में जुटे हैं।इस अवसर पर सम्मेलन के पोस्टर तथा 27 सदस्यीय स्वागत समिति का अनावरण भी किया गया।

संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेंद्र सिंह उर्फ ताज की अध्यक्षता में गठित स्वागत समिति में जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी, गन्ना समिति के पूर्व अध्यक्ष मनोज नौटियाल, वर्तमान अध्यक्ष प्रतिनिधि ईश्वर चंद्रपाल, उपाध्यक्ष हरभजन सिंह, मारखम ग्रांट के डायरेक्टर तेजपाल सिंह ‘मोंटी’, कृषक फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान उम्मेद बोरा सहित किसान सभा के मंडल पदाधिकारी शामिल हैं।

बैठक में सम्मेलन के सफल संचालन हेतु मंडल के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह साजवाण, प्रदेश महामंत्री गंगाधर नौटियाल, प्रदेश कमेटी सदस्य एवं सहसपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह पुरोहित, जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह, मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह, मंडल सचिव याकूब अली सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ad