देहरादून में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन, युवाओं को मिला अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच
देहरादून: भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डा. नरेश बंसल के तत्वावधान में खेल, शिक्षा एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित “सांसद खेल महोत्सव” का भव्य आयोजन जनपद, संसदीय क्षेत्र देहरादून में किया गया। प्रतियोगिताएं हॉक़ी ग्राउंड एवं पवेलियन ग्राउंड, देहरादून में संपन्न हुईं, जिनमें जनपद स्तर पर विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत, माननीय राज्यसभा सांसद डा. नरेश बंसल एवं माननीय विधायक खजानदास द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन अवसर पर खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया गया। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत वॉलीबॉल, हॉकी, फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी, पिठू तथा एथलेटिक्स ,100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विकासखंडों से चयनित विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि खिलाड़ियों और खेलों को नई उड़ान देने के उद्देश्य से देहरादून में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “खेलो इंडिया” विजन से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से फिट, अनुशासित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
डा. धन सिंह रावत ने कहा कि यह खेल महोत्सव गांव-गांव से प्रतिभाओं को आगे लाने का कार्य कर रहा है। इससे न केवल युवाओं में खेल भावना और अनुशासन विकसित होता है, बल्कि उनमें ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्साह भी पैदा होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए विश्वास जताया कि युवा अपनी प्रतिभा के बल पर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
राज्यसभा सांसद डा. नरेश बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि पहले ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने का अवसर दिया गया है।

डा. नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में खेल संस्कृति को लगातार मजबूत किया जा रहा है। आज भारत विश्व पटल पर खेलों में नई पहचान बना रहा है, जो प्रधानमंत्री की खेलों के प्रति विशेष रुचि और खेल बजट में निरंतर बढ़ोतरी का परिणाम है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय खिलाड़ियों के लिए बड़ा प्रोत्साहन साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि विभिन्न खेलों के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पाण्डे, अपर परियोजना निदेशक सोनम गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी रविन्द्र भण्डारी सहित अन्य अधिकारी, कोच एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
