हरिद्वार रोड पर बनेगी पार्किंग, जाम से मिलेगी ऋषिकेशवासियों को राहत
ऋषिकेश : शहर में लगातार बढ़ती यातायात समस्या और जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम ऋषिकेश ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में छोटी-छोटी पार्किंगों के निर्माण की योजना तैयार की गई है, जिसकी शुरुआत हरिद्वार रोड से कर दी गई है। इस योजना के तहत सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को नियंत्रित किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकेगी और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
हरिद्वार रोड पर पार्किंग निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ महापौर शंभू पासवान और वार्ड पार्षद राम संगर द्वारा किया गया। इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश एक धार्मिक और पर्यटन नगरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में ट्रैफिक जाम एक गंभीर समस्या बन चुका है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो सके।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार रोड पर बनने वाली पार्किंग से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ व्यापारियों और बाहर से आने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। वाहन चालकों को सुरक्षित और निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा करने का अवसर मिलेगा, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी। इसके साथ ही यह पार्किंग नगर निगम के लिए अतिरिक्त राजस्व का भी साधन बनेगी, जिसका उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जाएगा।
वहीं पार्षद राम संगर ने कहा कि वार्ड में लंबे समय से पार्किंग की समस्या बनी हुई थी। इस मांग को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह कदम उठाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्किंग निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा और लोगों को राहत मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में भी इसी तरह की छोटी-छोटी पार्किंग विकसित की जाएंगी। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, बल्कि ऋषिकेश को एक व्यवस्थित और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
