देहरादून में बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड तैयार
देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य, सुदृढ़ और बहुस्तरीय बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। इस विशेष वीवीआईपी ड्यूटी में महिलाओं की सक्रिय और अग्रणी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए राज्यभर से SSP स्तर से लेकर कांस्टेबल स्तर तक लगभग 550 महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों की रणनीतिक तैनाती की गई है।
यह तैनाती वीवीआईपी मूवमेंट के पूरे रूट, कार्यक्रम स्थल, कंट्रोल रूम, पार्किंग जोन, एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स तथा अन्य सभी संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को एक मजबूत और समन्वित सुरक्षा ग्रिड के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें हर स्तर पर निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री दीपम सेठ ने बताया कि वीवीआईपी सुरक्षा में महिला पुलिसकर्मियों को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपना राज्य पुलिस की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महिलाशक्ति को नेतृत्वकारी भूमिका देने से सुरक्षा व्यवस्था में बेहतर समन्वय, संवेदनशीलता, सतर्कता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
डीजीपी ने आगे कहा कि महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की पेशेवर दक्षता, अनुशासन और प्रतिबद्धता इस महत्वपूर्ण ड्यूटी को और अधिक प्रभावी बना रही है। उनकी मौजूदगी से न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है, बल्कि आमजन, विशेषकर महिला प्रतिभागियों के लिए भी अधिक सुरक्षित और सहज वातावरण सुनिश्चित हो रहा है।
उत्तराखंड पुलिस द्वारा की गई यह व्यापक और सुविचारित तैनाती यह दर्शाती है कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, तैयार और प्रतिबद्ध है, ताकि कार्यक्रम निर्विघ्न, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
