राष्ट्रीय युवा दिवस पर सीएम धामी ने महिला व युवक मंगल दलों को किया सम्मानित

खबर शेयर करें -

देहरादून : राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों को सम्मानित किया। इस दौरान प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मंगल दलों को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में महिला मंगल दल धापला ,नैनीताल को प्रथम, महिला मंगल दल सेमा ,चमोली को द्वितीय तथा महिला मंगल दल बनाली ,टिहरी गढ़वाल को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं युवक मंगल दल मोख मल्ला ,चमोली ने प्रथम, युवक मंगल दल सुंदरपुर रैक्वाल ,नैनीताल ने द्वितीय और युवक मंगल दल चौडीराय ,चम्पावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसके अतिरिक्त भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं एवं एनएसएस अवार्ड प्राप्त युवाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 लाख 24 हजार 320 रुपये का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए कहा कि वे ऐसे युगद्रष्टा ऋषि थे, जिन्होंने परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़े राष्ट्र में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को पुनः जागृत किया। शिकागो में उनके ऐतिहासिक उद्बोधन ने भारत की आध्यात्मिक शक्ति को विश्व पटल पर स्थापित किया और यह संदेश दिया कि सनातन संस्कृति के मूल्य ही समस्त मानवता के कल्याण का मार्ग हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का युवा शक्ति पर अटूट विश्वास था और वे युवाओं को राष्ट्र के पुनर्जागरण का सबसे सशक्त माध्यम मानते थे। उन्होंने कहा कि जब तक युवाशक्ति संगठित, आत्मनिर्भर और राष्ट्रभाव से प्रेरित नहीं होगी, तब तक कोई भी राष्ट्र पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को नए अवसर दिए जा रहे हैं। राज्य सरकार भी नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य विकास योजना के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि बदलते रोजगार परिदृश्य को देखते हुए युवाओं को फ्यूचर रेडी बनाना समय की मांग है। साथ ही उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में स्वामी विवेकानंद से जुड़े स्थलों को चिन्हित कर विवेकानंद कॉरिडोर विकसित करने का निर्णय लिया गया है।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि स्वामी विवेकानंद बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे और उन्होंने विश्व में सनातन मूल्यों व भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठता को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad