77वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में फहराया राष्ट्रीय ध्वज
देहरादून: 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई और सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान में निहित मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में देश समाज के हर वर्ग के उत्थान की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे समावेशी विकास को मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए हम सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का भारत नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। चाहे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार या बुनियादी ढांचे का विकास हो राज्य सरकार हर क्षेत्र में ठोस और परिणामकारी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी शासन व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड अपनी सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और वीरों की भूमि के रूप में देश में विशिष्ट पहचान रखता है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सहेजकर आगे बढ़ा जाए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
