इंद्रमणि बडोनी जयंती पर सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, विचारों को बताया प्रेरणास्रोत

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड आंदोलन के प्रणेता एवं प्रख्यात जननेता इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंद्रमणि बडोनी के विचार, संघर्ष और संकल्प आज भी उत्तराखंड के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि इंद्रमणि बडोनी ने पृथक उत्तराखंड राज्य के लिए जीवन भर संघर्ष किया और आम जनमानस की भावनाओं को एक दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि बडोनी ने पहाड़ की पीड़ा, पहचान और अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया, जिसके परिणामस्वरूप आज उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बडोनी का सादा जीवन, उच्च विचार और जनसेवा के प्रति समर्पण आज की पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार उनके सपनों के उत्तराखंड को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि विकास के साथ-साथ पहाड़ की संस्कृति, परंपराएं और मूल पहचान सुरक्षित रह सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इंद्रमणि बडोनी के विचारों को आत्मसात करते हुए उत्तराखंड के समग्र विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और राज्य को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने में योगदान दे ।

Ad