घनसाली में पारिवारिक विवाद ने ली खौफनाक शक्ल, युवक के दोनों हाथ कटे

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल / घनसाली: पारिवारिक विवाद ने घनसाली क्षेत्र में ऐसी भयावह शक्ल ले ली कि एक युवक को अपनी जान बचाने के लिए दोनों हाथ गंवाने पड़े। चाकू और अन्य धारदार हथियारों से किए गए हमले में युवक के हाथ इस कदर क्षतिग्रस्त हो गए कि हड्डियां तक बाहर निकल आईं। गंभीर चोटों और संक्रमण के चलते चिकित्सकों को अंततः दोनों हाथ काटने पड़े। युवक पर यह क्रूर हमला उसके ही बड़े भाई और भाभी द्वारा किए जाने का आरोप है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना टिहरी जनपद की बालगंगा तहसील अंतर्गत बासर पट्टी के लस्यालगांव गांव की है। पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय अंग्रेज सिंह और उसका बड़ा भाई पूरब सिंह दोनों मुंबई में काम करते थे। गांव में उनकी मां जेठी देवी और पूरब सिंह की पत्नी अंजली रहती हैं। करीब दो महीने पहले पूरब सिंह घर लौटा था। बताया जा रहा है कि उसका अपनी पत्नी अंजली से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता रहता था।

इसी पारिवारिक तनाव के चलते अंग्रेज सिंह को फोन कर घर बुलाया गया। 20 दिसंबर की रात जब अंग्रेज सिंह अपने भाई के घर पहुंचा तो एक बार फिर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि झगड़ा इतना उग्र हो गया कि पूरब सिंह और उसकी पत्नी अंजली ने मिलकर अंग्रेज सिंह पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने विशेष रूप से उसके दोनों हाथों पर वार किए, जिससे गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा गले पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी हालत नाजुक हो गई

घटना के बाद अंग्रेज सिंह सुबह से दोपहर तक दर्द से तड़पता रहा। बाद में खुद पूरब सिंह उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया। स्थिति गंभीर होने पर श्रीनगर से भी उसे एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने संक्रमण और अत्यधिक चोटों को देखते हुए उसकी जान बचाने के लिए दोनों हाथ काटने का निर्णय लिया।

घनसाली थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार जाटव ने बताया कि पीड़ित अंग्रेज सिंह की तहरीर के आधार पर उसके भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Ad