ग्राम प्रधान की शिकायत पर हरकत में आया नलकूप विभाग, सिंचाई नहरों का किया निरीक्षण

खबर शेयर करें -

रायवाला/प्रतीतनगर। ग्राम सभा प्रतीतनगर में सिंचाई नहरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर नलकूप खंड के अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को नहरों की स्थिति से अवगत कराते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि कुछ लोगों द्वारा घरों का गंदा पानी सिंचाई नहरों में छोड़ा जा रहा है, जिससे नहरों का जल प्रदूषित हो रहा है और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ग्रामीणों ने विशेष रूप से बनखंडी मंदिर मार्ग क्षेत्र में इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की तथा विभागीय नियमों के तहत दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने बताया कि ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित सिंचाई नहरों के भूमिगतकरण की मांग को भी दोहराया और अधिकारियों से इस प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। उनका कहना है कि नहरों के भूमिगत होने से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

इसके अलावा चंद्रा गार्डन से लेकर प्रतीतनगर की राजस्व सीमा तक नहर में जमा भारी मात्रा में गाद, कचरा और गंदगी की शीघ्र सफाई कराने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि नहरों की नियमित सफाई न होने से जल प्रवाह प्रभावित हो रहा है और कई स्थानों पर जलभराव की समस्या भी पैदा हो रही है।

निरीक्षण के दौरान बनखंडी महादेव मंदिर के मुख्य द्वार के सामने सहदेव सिंह रावत के आवास के समीप स्थित नहर को भूमिगत करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्रवाई जल्द शुरू करने का अनुरोध भी अधिकारियों से किया गया।

नलकूप खंड के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Ad