गीता कुटीर घाट पर दर्दनाक हादसा, गंगा में बहा 9 वर्षीय बालक, SDRF का सर्च अभियान जारी
रायवाला। रायवाला थाना क्षेत्र के हरिपुर कलां स्थित गीता कुटीर घाट पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से परिवार के साथ घूमने आए 9 वर्षीय बालक कुश शर्मा गंगा में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।जानकारी के अनुसार कुश शर्मा पुत्र मुकेश शर्मा अपने परिवार के साथ गीता कुटीर घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा की तेज धारा में बहने लगा। भाई को बहता देख उसे बचाने के लिए उसका बड़ा भाई प्रियांशु शर्मा भी नदी में कूद पड़ा।
स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता से प्रियांशु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कुश तेज बहाव में आगे निकल गया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए डीप डाइवर्स की सहायता से संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। देर शाम तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
SDRF अधिकारियों के अनुसार गंगा का जलस्तर और तेज बहाव सर्च अभियान में चुनौती बना हुआ है, फिर भी टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा और अन्य नदियों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
