सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर सीएम धामी ने अर्पित की श्रद्धांजलि, अखंड और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान को किया नमन
देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री रहे ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर अखंड और सशक्त भारत की नींव रखी।

सीएम धामी ने कहा कि आज़ादी के बाद देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य सरदार पटेल ने किया। सैकड़ों रियासतों का शांतिपूर्ण विलय कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूती प्रदान की। उनका जीवन राष्ट्र सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है, जिससे आज भी देशवासियों को प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देशहित को सर्वोपरि रखते हुए मजबूत और एकजुट भारत के निर्माण की दिशा में निर्णायक फैसले लिए। उनकी नीतियां और विचार आज भी देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सुदृढ़ करने में मार्गदर्शक हैं।

सीएम धामी ने कहा कि नई पीढ़ी को सरदार पटेल के जीवन से सीख लेकर राष्ट्र सेवा और सामाजिक समरसता के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘लौह पुरुष’ के आदर्शों पर चलकर ही भारत आत्मनिर्भर, सशक्त और विश्व पटल पर और अधिक प्रभावशाली बन सकता है।
