देहरादून में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, स्कूल आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन हाई अलर्ट पर

खबर शेयर करें -

देहरादून: राजधानी देहरादून सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा और मध्यम बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद एहतियातन मंगलवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देहरादून जनपद में तेज बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है। इससे जनजीवन प्रभावित होने के साथ-साथ भूस्खलन, सड़क अवरोध, फिसलन और जलभराव जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, विद्युत और जल संस्थान को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें। वहीं आम नागरिकों को भी खराब मौसम के दौरान पहाड़ी और जोखिम भरे मार्गों पर यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

संभावित बर्फबारी और भारी वर्षा के मद्देनज़र प्रमुख मार्गों पर यातायात की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है। विद्युत आपूर्ति में व्यवधान की स्थिति से निपटने के लिए टीमों को तैनात किया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नागरिकों से अनुरोध है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

Ad