देहरादून में मध्य हिमालय उद्यान विकास कार्यशाला, ‘उद्यान शिरोमणि सम्मान-2026’ से सम्मानित हुए प्रतिभागी

खबर शेयर करें -

देहरादून। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ उत्तराखंड एवं एफडब्ल्यूए सोसायटी उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में “मध्य हिमालय उद्यान विकास एवं आर्थिकी” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आर्थिकी को सशक्त बनाने में बागवानी क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और यह राज्य के लिए गेम चेंजर साबित होगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायमूर्ति राजेश टंडन, पद्मश्री वसंती बिष्ट, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री, राष्ट्रीय संगठन सचिव गिरिराज शर्मा तथा इंजीनियर अर्जुन पंवार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन गायत्री गोष्ठी नेगी ने किया तथा स्वागत गीत के साथ कार्यशाला की शुरुआत हुई।

कार्यशाला में इंजीनियर अर्जुन पंवार ने कहा कि पहाड़ों के पर्यावरण और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने के लिए पेड़ों का अंधाधुंध कटान रोकना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बीजों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस विषय पर वैज्ञानिक एवं सामाजिक स्तर पर गंभीरता से कार्य किए जाने की जरूरत है। बीज बचाओ आंदोलन के प्रणेता विजय जड़धारी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि स्थानीय बीजों और पारंपरिक कृषि व्यवस्था के संरक्षण से ही पहाड़ों की समृद्धि सुनिश्चित की जा सकती है।

मुख्य अतिथि सौरभ बहुगुणा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड में बागवानी, फलोत्पादन और कृषि आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। सरकार किसानों और बागवानों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बीज संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को “उद्यान शिरोमणि सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में बीज बचाओ आंदोलन के प्रणेता विजय जड़धारी, उद्यान विशेषज्ञ कुंदन सिंह, रेड राइस लेडी खेतोली बचानी, बागवानी क्षेत्र में इंजीनियर अर्जुन सिंह पंवार, उद्यान शिक्षा के लिए डॉ. अंकित कुमार, बागवानी शिक्षा के लिए डॉ. स्नेहलता डोगरा, बागवानी क्षेत्र में महाबल सिंह नेगी, उद्यान पत्रकारिता के लिए अरुण सिंह बिष्ट तथा जनजागरूकता के लिए आशीष बाजपेयी शामिल रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यायमूर्ति राजेश टंडन ने की। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि पत्रकार संघ हर क्षेत्र में सकारात्मक कार्य करेगा, जिससे पत्रकारों के कार्यों को नई पहचान और सम्मान मिल सके।

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, संगठन सचिव विजयपाल रावत, जिलाध्यक्ष दयपाल गुसाईं, महामंत्री खुशहाल सिंह असवाल, प्रदेश सचिव ए.पी. दुबे, सह सचिव डॉ. डी.के. पुरी, कुमाऊं प्रभारी के.पी.एस. बोहरा, विवेक तोमर, संयोजक याकूबम बर्तई, प्रदेश संयोजक अशोक डोभाल, प्रशासिता राय, रेखा भंडारी, सुमिता नौटियाल, प्रेम पंचोली सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Ad