ऋषिकेश में पीआईबी की मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ आयोजित, केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर हुई चर्चा

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश, 16 जून। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून द्वारा मंगलवार को ऋषिकेश स्थित रेल विकास निगम सभागार में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश के मेयर शम्भू पासवान ने “लोक सेवा ही संकल्प-12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” विषय पर आधारित पांच पुस्तिकाओं का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने लखपति दीदी, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे आमजन को सीधा लाभ मिला है।

रेल विकास निगम के अधिकारियों ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि यह परियोजना अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। अधिकारियों के अनुसार परियोजना के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आबादी के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। मुख्य भू-वैज्ञानिक विजय डंगवाल ने बताया कि सुरंगों से निकलने वाले जल का उपयोग अमृत सरोवर परियोजना के तहत जल संरक्षण के लिए किया जाएगा।उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के एचओडी (बिजनेस) रोहित बडोला ने पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना तथा अन्य वित्तीय योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं और डिजिटल लेनदेन के विस्तार से आम लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिल रही है।

पीआईबी देहरादून के मीडिया एवं संचार अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत संवाददाताओं के साथ समन्वय स्थापित कर सरकारी योजनाओं की सही एवं प्रमाणिक जानकारी जनता तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों ने भी भाग लिया।

Ad