PM मोदी 14 अप्रैल को देंगे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की सौगात

खबर शेयर करें -

सहारनपुर/देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को बहुप्रतीक्षित दिल्ली–देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इस महत्वपूर्ण अवसर को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और कार्यक्रम को भव्य बनाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का हेलीकॉप्टर सहारनपुर जनपद के गणेशपुर क्षेत्र में उतरेगा। यहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर एक्सप्रेसवे का विधिवत उद्घाटन करेंगे।

दिल्ली–देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को उत्तर भारत के सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है। इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में काफी कमी आएगी और यह दूरी लगभग 2.5 से 3 घंटे में पूरी की जा सकेगी। साथ ही, यह मार्ग हरिद्वार, ऋषिकेश और आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंच को भी आसान बनाएगा।

परियोजना के तहत अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सड़क का निर्माण किया गया है, जिसमें वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विशेष कॉरिडोर और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कई उपाय किए गए हैं। यह एक्सप्रेसवे न केवल उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और व्यापार को भी नई गति देगा।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं। यह उद्घाटन उत्तर भारत के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Ad