खबर शेयर करें -

देहरादून : देहरादून में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। इसके तहत शहर के प्रमुख पब, बार, होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस निगरानी तंत्र से जोड़ा जा रहा है, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

एसएसपी द्वारा हाल ही में पब, बार और होटल संचालकों के साथ आयोजित एक गोष्ठी में इस योजना की रूपरेखा साझा की गई थी। गोष्ठी के बाद अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रतिष्ठान स्वामियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके सीसीटीवी सिस्टम का एक्सेस प्राप्त करें।निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों से संपर्क साधा और अब तक 14 प्रमुख पब, बार एवं होटलों के सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस प्राप्त कर लिया है। इन कैमरों को पुलिस के कंट्रोल सिस्टम से जोड़ने का कार्य जारी है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर किसी भी घटना की तत्काल निगरानी और जांच की जा सके।

इस अभियान के लिए एसएसपी द्वारा एक विशेष टेक्निकल टीम का गठन भी किया गया है, जो तकनीकी समन्वय स्थापित करते हुए सभी प्रमुख प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी नेटवर्क को पुलिस प्रणाली से जोड़ रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, नियमों के उल्लंघन पर अंकुश और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

देहरादून के होटल, बार और पब संचालकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है। पुलिस विभाग द्वारा शेष बचे प्रतिष्ठानों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द सभी महत्वपूर्ण स्थानों को इस निगरानी तंत्र से जोड़ा जा सके। इस पहल को शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

Ad