हनुमान धाम पहुंचे CM धामी, की पूजा-अर्चना
रामनगर / नैनीताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने को रामनगर के छोई स्थित हनुमान धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि हनुमान की विशेष कृपा के बिना कोई भी उनके दरबार तक नहीं पहुंच सकता।
मुख्यमंत्री ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कई बार यहां आने का प्रयास किया, लेकिन कार्यक्रम नहीं बन पाया। इस बार बजरंगबली की कृपा से अचानक कार्यक्रम तय हुआ और उन्हें दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना करते हुए ईश्वर से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास से श्रद्धालुओं को अभूतपूर्व सुविधाएं मिली हैं, वहीं केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में भी तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे उत्तराखंड की पहचान और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की आस्था व सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में सख्त कानून लागू किए जा रहे हैं और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है, जो पूरे देश के लिए एक उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है और सभी के सहयोग से इसे अवश्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केदारखंड और मानसखंड सहित राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचना विकास के कार्य लगातार जारी हैं, जिसके परिणामस्वरूप हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। आगामी कुंभ मेले का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। इसके साथ ही शीतकालीन यात्रा भी लगातार जारी है और चारधाम के कपाट खुलने तक संचालित रहेगी। अब तक लगभग 1.60 लाख श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। आगामी चारधाम यात्रा के लिए भी व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, हल्द्वानी महापौर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, श्री हनुमान धाम ट्रस्ट के आचार्य विजय एवं ट्रस्ट प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
