मुख्यमंत्री धामी के निर्देश के बाद पुलिस अलर्ट
ऊधम सिंह नगर: जिले में डंपरों और भारी वाहनों से हो रही लगातार दुर्घटनाओं के बाद अब प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर में ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के स्पष्ट आदेश के बाद पुलिस विभाग हरकत में आ गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और आम जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को 24 घंटे निगरानी रखने और विशेष अभियान चलाने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी क्षेत्र में ओवरलोड या तेज रफ्तार वाहन से दुर्घटना होती है तो संबंधित थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि जिले के प्रमुख मार्गों, हाईवे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। ओवरलोड वाहनों को तत्काल सीज किया जाएगा और चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्पीड गन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से जिले में डंपरों और भारी वाहनों की वजह से कई सड़क हादसे सामने आए हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी गई है और अनेक घायल हुए हैं। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त था और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही थी।प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित बनेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की ओवरलोडिंग या लापरवाही की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सरकार और प्रशासन की इस सख्ती के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि ऊधम सिंह नगर में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
