खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : आईडीपीएल चौकी, कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र अंतर्गत मालवीय नगर स्थित आईडीपीएल दुर्गा मंदिर के पास देर रात असामाजिक तत्वों ने खड़ी दो गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। हाईवे किनारे हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, दुर्गा मंजिल के पास हाईवे किनारे खड़ी दो चारपहिया वाहनों के शीशे अज्ञात युवक द्वारा तोड़ दिए गए। सुबह जब वाहन मालिक मौके पर पहुंचे तो गाड़ियों के शीशे टूटे मिले, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।स्थानीय निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुमित चौहान ने बताया कि उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें रात 12:25 बजे एक युवक गाड़ियों के पीछे जाता हुआ दिखाई दे रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक चोरी के इरादे से आया था और गाड़ियों के भीतर सामान तलाशने के लिए शीशे तोड़े गए।

सुमित चौहान ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। करीब छह माह पहले भी इसी क्षेत्र में वाहनों के शीशे तोड़े जाने की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।उन्होंने यह भी बताया कि तीन दिन पहले बाल भारती स्कूल के समीप एक युवक ने एक महिला के घर में घुसकर चांदी की पाजेब चोरी करने की कोशिश की थी। हालांकि महिला की सतर्कता के चलते आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और बाद में उसे आईडीपीएल चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था।

स्थानीय पार्षद राजेश कोठियाल ने भी घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना हाईवे पर हुई है, जहां दिन-रात ट्रैफिक चलता रहता है। ऐसे क्षेत्र में इस प्रकार की तोड़फोड़ होना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस से नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

Ad