पोखरी में वन्य जीवों के हमले के खिलाफ जनआक्रोश, थाली-कनस्तर बजाकर निकाली रैली

खबर शेयर करें -

पोखरी /चमोली : पोखरी क्षेत्र में भालू सहित अन्य हिंसक वन्य जीवों के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। आए दिन जंगल से सटे गांवों में वन्य जीवों की आवाजाही और हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों की जान-माल की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र के नागरिकों ने ब्लॉक प्रमुख राजी देवी के नेतृत्व में नगर में आक्रोश रैली निकाली।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने थाली और कनस्तर बजाते हुए वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई तहसील परिसर तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने वन्य जीवों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई। लोगों का कहना था कि भालू और अन्य हिंसक वन्य जीव आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे हैं, जिससे खेत-खलिहान सुरक्षित नहीं रह गए हैं और ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

ब्लॉक प्रमुख राजी देवी ने कहा कि वन्य जीवों के हमले अब आम बात हो गई है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए, पिंजरे लगाए जाएं और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि वन्य जीवों के हमलों से यदि किसी की जान जाती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और वन विभाग की होगी। रैली के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस जनआंदोलन के बाद प्रशासन उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देगा और जल्द राहत के कदम उठाए जाएंगे।

Ad