ऋषिकेश में 27 ई-बसों के संचालन का विरोध, 24 जनवरी को महासंघ की रैली
ऋषिकेश: उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी की ओर से ऋषिकेश शहर में 27 ई-बसों के संचालन की प्रस्तावित योजना का उत्तराखंड विक्रम, टेंपों महासंघ ने कड़ा विरोध किया है। महासंघ का कहना है कि इस योजना से छोटे वाहन स्वामियों और चालकों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। इसके विरोध में महासंघ ने 24 जनवरी को बड़े आंदोलन की घोषणा की है।
आईएसबीटी स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तराखंड विक्रम, टेंपों महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने बताया कि प्रदेश सरकार की यह योजना छोटे वाहन चालकों और मालिकों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड शहरी विकास निदेशालय के माध्यम से उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी ऋषिकेश शहर में 27 ई-बसों के संचालन की तैयारी कर रही है, जिन्हें हरिद्वार से लक्ष्मणझूला के बीच चलाया जाएगा।
महंत विनय सारस्वत ने कहा कि वर्तमान में हरिद्वार से रामझूला और लक्ष्मणझूला की ओर जाने वाले अधिकांश यात्री ऑटो विक्रम और टेंपों के माध्यम से यात्रा करते हैं। यदि हरिद्वार से सीधे ई-बसों के जरिए यात्री लक्ष्मणझूला और तपोवन तक पहुंचने लगेंगे, तो ऑटो विक्रम और टेंपों को सवारियां नहीं मिलेंगी। इससे लगभग पांच से छह हजार परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर 24 जनवरी को सुबह 11 बजे आईडीपीएल मैदान से एक रैली निकाली जाएगी। रैली आईडीपीएल सिटी गेट से हरिद्वार रोड, कोयलघाटी होते हुए देहरादून रोड से आईएसबीटी पहुंचेगी और नगर निगम कार्यालय में संपन्न होगी। रैली में ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा और ई-ऑटो के चालक व मालिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
महासंघ के अनुसार, रैली के दौरान सभी चालक अपने-अपने वाहनों की चाबी नगर निगम के अधिकारियों को सौंपेंगे। जब तक प्रदेश सरकार की ओर से उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वाहन नगर निगम परिसर में ही खड़े रहेंगे। इस मौके पर उत्तराखंड परिवहन महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर राय रावत ने कहा कि ऋषिकेश शहर की सड़कें संकरी हैं और वीकेंड पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में 27 ई-बसों का संचालन करना न केवल यातायात व्यवस्था को और बिगाड़ेगा, बल्कि ऑटो, विक्रम, ई-ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के हितों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।
प्रेस वार्ता में बिजेंद्र कंडारी, सुनील कुमार, कमल सिंह राणा, संजय शर्मा, राजेंद्र लांबा, आशुतोष तिवारी, जगजीत सिंह सहित कई पदाधिकारी और चालक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
