मुनि की रेती में व्यापक स्वच्छता अभियान, ‘वार्ड सेग्रिगेशन लीग’ का शुभारंभ
मुनि की रेती: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को जनपद टिहरी गढ़वाल अंतर्गत तहसील नरेंद्रनगर के मुनि की रेती क्षेत्र में जानकी सेतु के समीप गंगा आरती घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर पालिका परिषद मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान घाट परिसर में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका समुचित निस्तारण किया गया। साथ ही झाड़ी कटान कर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और दर्शनीय बनाया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से नियमित स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण द्वारा ‘वार्ड सेग्रिगेशन लीग’ नामक एक अभिनव अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में गीले एवं सूखे कचरे के पृथकीकरण को लेकर प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य नगरवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनभागीदारी को सशक्त करना है।

स्वच्छता अभियान के उपरांत श्री पूर्णानंद विद्यालय के विद्यार्थियों ने घाट के आसपास पत्थरों पर सुंदर रंगों से चित्रकारी कर स्थल का सौंदर्यीकरण किया। विद्यार्थियों की इस रचनात्मक पहल ने घाट की सुंदरता को और निखार दिया। इसके साथ ही सफाई के दौरान प्राप्त पुराने दीपकों को पुनः उपयोग में लाकर घाट की सजावट में सम्मिलित किया गया, जो ‘रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल’ की भावना को प्रभावी रूप से दर्शाता है।
इसी क्रम में नगर पालिका सभागार, मुनि की रेती में आयोजित कराटे प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले देहरादून, टिहरी एवं पौड़ी जनपदों के बच्चों को उनके ग्रीन, येलो एवं ब्राउन बेल्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बच्चों के अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सभासद विनोद खंडूरी, बृजेश गिरी, स्वाति पोखरियाल, लक्ष्मण भंडारी, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, अधिशासी अधिकारी मुनि की रेती अंकिता जोशी, सफाई निरीक्षक कमल चौहान सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
